Mar 26, 2009






कहानी संग्रह का लोकार्पण
हिंदी भवन सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में कवि- कथाकार विवेक मिश्र की कृति “हनियां तथा अन्य कहानियां” का लोकार्पण वरिष्ठ कथाकार हिमांशु जोशी और दिल्ली विधान सभा उपाध्यक्ष अमरीश सिंह गौतम ने 21मार्च को किया।

विवेक मिश्र के रचनाकर्म और कहानियों पर बोलते हुए कहा कि लेखक के रूप में प्रस्तुत कहानियां साहित्य का हिस्सा तो हैं ही, इन कहानियों में जीवन दर्शन भी समाहित है। डाँ हरीश नवल ने विवेक की कहानियों के अंत को पाठकों के लिये चिंतन बिंदु देने वाला बताया। डाँ अरुण प्रकाश ढौंढियाल ने विवेक की कहानियों में परंपरा, आंचलिकता के साथ शहरी जीवन की विषमताओं को अभिव्यक्त करने वाला कहा। विवेक गौतम ने मिश्र की रचना यात्रा के पड़ावों के साथ उनके संघर्ष के विभिन्न बिंदुओं को रेखांकित किया। चित्रकार वी एस राही, पूर्व निदेशक ज्ञानपीठ दिनेश मिश्र, हिन्दी विद आर के कुशवाहा भी मौजूद थे। विवेक मिश्र ने अपनी कहानी पाठ भी किया।

Mar 15, 2009


विवेक मिश्र के कहानी संग्रह “हनियां तथा अन्य कहानियाँ” का
लोकार्पण
तथा
लेखक द्वारा संग्रह से कहानी पाठ

21 मार्च, शनिवार, सांय 5 बजे, हिंदी भवन, दिल्ली में आयोजित
किया जा रहा है। कार्यक्रम में आप सादर आमंत्रित हैं।
निवेदक
विवेक गौतम
महासचिव, उदभव
(9911170832,9810853128)
http://www.vivechna.blogspot.com/ , udbhav@yahoo.co.in नेहा प्रकाशन, दिल्ली
विवेक मिश्र एक ऐसे युवा रचनाकार हैं, जो कविता एवं कहानी दोनों में ही अपने विचारों की मौलिकता बनाए रखते हैं। अपने लेखन में वह पुराने चौखटों और सांचों को तोड़ते हैं।
उनकी कहानियाँ हमें पात्रों एवं घटनाओं के साथ-साथ समाज, संस्कृति, इतिहास और उनके वर्तमान समय पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में बताती चलती है।
“हनियां तथा अन्य कहानियाँ” संग्रह की लम्बी कहानी “हनियां” इक्कीसवीं सदी में भौतिकता की होड़ में दौड़ते हमारे देश की उस दलित महिला की कहानी है, जो इस दौड़ से अनजान, अपने समय से बहुत पीछे छूट गई है और चौदहवीं सदी की प्रताड़नाएँ झेलती हुई जीती है और बदलते समय में एक ऐसे षड़यंत्र, एक ऐसे दुष्चक्र का शिकार हो जाती है, जहाँ से निकल पाना किसी इंसान के बस की बात नहीं है। आज यह षड़यंत्र केवल हनियां के खिलाफ़ नहीं रचा जा रहा बल्कि हर उस व्यक्ति के खिलाफ़ रचा जा रहा है जो पद, पैसा और सत्ता से दूर है।
हनियां जैसी कहानियां लिखने के लिये जिस आंतरिक मज़बूती, सच्चाई और हिम्मत की ज़रूरत है वह विवेक मिश्र के लेखन में दिखती है, उनकी कहानियाँ बेलाग आगे बढ़ती, समय के सीने पर निशान बनाती चलती हैं। आज के समय में ऐसी कहानियों का, ऐसे संग्रह का और ऐसे लेखक का प्रकाश में आना एक उम्मीद बँधाता है ।
पत्रकार – मनोज सिन्हा

Mar 1, 2009

जीवन के हर रंग की कहानियाँ

कृति- हनियां तथा अन्य कहानियाँ
लेखक- विवेक मिश्र (9810853128)
विधा- कहानी
प्रकाशक- नेहा प्रकाशन
मूल्य- 125/-
हमारी ज़िन्दगी के पल एक-दूसरे से इस पेचीदग़ी से गुँथे हुए होते हैं कि उन्हें एक दूसरे से अलग कर पाना लगभग नामुमकिन जान पड़ता है। यह ऐसे ही है जैसे किसी वृत का आरंभ बिन्दु तलाशना! कहानीकार अपने जीवन की घटनाओं को एक दूसरे से विलगाते हुए उनका आदि तथा अंत तो ढूंढता ही है साथ ही उस पूरे कालखण्ड को इस सलीक़े से बयां करता है कि उसमें से भूत तथा भविष्य का हस्तक्षेप समाप्त हो जाता है।
कहानी कहने की यह बारीक़ी और शालीनता विवेक मिश्र की कहानियों में बार-बार दिखाई देती है। हनियां तथा अन्य कहानियाँ कुल नौ कहानियों की एक ऐसी पुस्तक है जिसमें सभी कहानियाँ लेखक के जीवन में घटित घटनाएँ तो हैं, लेकिन कोई भी एक घटना किसी भी दूसरी घटना से न तो प्रभावित है न सम्बध्द ही!
इन कहानियों को पढ़कर स्पष्ट होता है कि लेखक ने कृष्ण का सा जीवन जीने में विश्वास किया है। ऐसा जीवन जिसमें मथुरा, गोकुल, द्वारिका और कुरुक्षेत्र को परस्पर घालमेल कर पाना भी मुमकिन नहीं है और यह भी नकार पाना असंभव है कि इन चारों घटनाक्रमों का केन्द्र स्वयं कृष्ण ही हैं।
पिताजी की मृत्यु के अति संवेदनशील पल को पूरी गहनता से जीकर लेखक ने इस अंदाज़ में बयान किया है कि गुब्बारा कहानी को पढ़ते हुए कई बार पाठक इस पल को जी लेते हैं।
गमले कहानी में प्रकृति का रूपक लेकर किसी अपने का शब्दचित्र गढ़ने में पूरी तरह सफल हुए विवेक ने यह भी सिध्द किया है कि अच्छा लेखन बहुत लम्बा हो, यह आवश्यक नहीं है।
तीसरी कहानी है हनियां। लेखक ने साहित्य की सौम्यता को बनाए रखते हुए 'जिसकी लाठी उसकी भैंस' वाली मानसिकता पर 'सत्यमेव जयते' की नीति का प्रहार किया है। इस बात से इनक़ार नहीं किया जा सकता कि लेखक ने हनियां के चरित्र को न केवल अमर किया बल्क़ि तीन सिर वाले उस प्रेत का चित्र भी सार्वजनिक किया है जिसका जन्म इसी समाज से रोज़ाना होता है।
शब्दों से चित्र कैसे बनाया जाता है इसका श्रेष्ठ उदाहरण है गोष्ठी कहानी। इस कहानी में बुंदेलखंड के गली-गलियारों और कस्बाई जीवन की तस्वीर तो है ही साथ ही साथ समाज में सड़ रही संवेदनाओं की लाश का पंचनामा भी मौजूद है।
बड्डे गुरु और लोकतंत्र कहानी न होकर एक शालीन व्यंग्य है लोकतंत्र की वर्तमान दशा और सादगी के उपहास पर। दुर्गा में बचपन और धार्मिक आडम्बर दोनों की तस्वीर लेखक ने बखूबी उतारी है।
तितली कहानी मूलत: कहानी मात्र नहीं है, यह एक ऐसी आचार संहिता है जो महानगरीय जीवन जीने वाली और कैशोर्य के पायदान पर खड़ी हर लड़की को पढ़ लेनी चाहिए। मन की कोमल भावनाओं के नाम पर तन का कितना भयानक शोषण किया जा सकता है इसकी प्रतिध्वनि तितली कहानी में स्पष्ट सुनाई देती है। इसके साथ ही इस कहानी में एक और ख़ास बात यह है कि इसमें यह भी इंगित किया गया है कि नारी सशक्तिकरण के सारे नारे और नारी सशक्तीकरण के सारे दावे कितने खोखले और दिखावटी हैं इसका अहसास तभी होता है जब व्यक्तिगत स्तर पर इस विचार से जूझने का अवसर आए। इसके अतिरिक्त एक और महत्तवपूर्ण पहलू जो इस कहानी में नए सिरे से उजागर होता है वह यह है कि जब-जब सीता मर्यादा की लक्ष्मण रेखा पार करेगी तब-तब उसे रावण द्वारा अपहृत होना ही पड़ेगा।
इसके बाद की दोनों कहानियाँ, और चाहे जो भी कुछ हों पर उन्हें कहानी नहीं कहा जा सकता। हाँ इतना अवश्य है कि वे पुस्तक की अन्य कहानियों से कुछ अधिक ही सशक्त हैं। सृजन को जब भ्रष्टतंत्र की पेचीदगियों से जूझना पड़ता है तो उसकी कोमल पाँखुरियाँ कैसे मसली जाती हैं इसकी भयावह तस्वीर को लेखक ने एक लेखक की डायरी नामक कहानी में उकेरी है और आत्मकथ्य को आत्मकथ्य नामक 'कहानी' में ही लिखकर लेखक ने एक नया प्रयोग किया है, जो उनकी रचनाधर्मिता का गवाह भी है।
कुल मिलाकर पूरी पुस्तक पठनीय होने के साथ-साथ विचारणीय भी है।
प्रकाशकीय स्तर पर कुछ वर्तनी संबंधी अशुध्दियाँ हैं, जिनसे कहीं भी अवरोध तो उत्पन्न नहीं होता लेकिन उन्हें नज़रंदाज़ किया जाना भी संभव नहीं है। साज-सज्जा की दृष्टि से पुस्तक आकर्षक है और आवरण-पृष्ठ उतना ही सादा है जितनी विवेक मिश्र की कहानियाँ, हाँ कहानियों की गहन अंतरात्मा की तरह आवरण पृष्ठ पर भी एक गंभीर कलाकृति अवश्य सम्मिलित की गई है, जो पुस्तक के पूरे कथ्य को अपने में समेटने का प्रयास करती जान पड़ती है।
-चिराग़ जैन